अमेठी

उत्तर प्रदेश के अमेठी में लोकसभा चुनाव का रंग जोर पकड़ने लगा है। अमेठी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी पर करारा तंज करते हुए कहा लड़की भी जीवन भर अपने मायके का सम्मान रखती है, लेकिन राहुल गांधी ने वायनाड जाकर अमेठी का अपमान किया। दरअसल, लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही स्मृति ईरानी अमेठी में जमी हुई हैं। लगातार चुनावी मैदान में उतरकर प्रचार अभियान को तेज कर रही हैं। विभिन्न विधानसभा सीटों पर जाकर वह पक्ष में माहौल बनाने में जुटी हुई हैं। वहीं, अभी तक कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं हुआ है। राहुल गांधी को लेकर लोकसभा सीट पर चर्चा का बाजार गरमाया हुआ है।

अमेठी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद (राहुल गांधी) यहां से संबंधों के बारे में बात करते रहे। फिर अमेठी छोड़कर वायनाड चले गए। वहां नामांकन दाखिल करते समय उन्होंने (राहुल गांधी) वायनाड को 'अपना घर' घोषित किया। स्मृति ने तंज कसते हुए कहा कि हमने लोगों को रंग बदलते देखा है। पहली बार समय बदलने पर परिवारों को बदलते देख रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि 25 मई को कमल (भाजपा पार्टी का चुनाव चिन्ह) को आपका एक वोट मुफ्त राशन देगा। लोगों को विकास की राह पर ले जाएगा। सभी किसानों के खाते में छह हजार रुपया और अयुष्मान कार्ड के लिए होगा।

अमेठी से राहुल के नाम की चर्चा
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने घोषणा की है कि देश भर में लोगों की संपत्ति की गणना की जाएगी। वह आपकी संपत्ति छीन लेंगे। स्मृति ईरानी के हमलों ने अमेठी के चुनावी माहौल में रंग जमाना शुरू कर दिया है। दरअसल, स्मृति ईरानी ने लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान भी राहुल गांधी पर इसी प्रकार से हमले किए थे। इसके बाद उन्हें वायनाड से नामांकन दाखिल करना पड़ा था। उस चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी से हार झेलनी पड़ी थी।

माना जा रहा है कि शनिवार को होने वाली कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में अमेठी और रायबरेली सीट पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जा सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि इन सीटों पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान होगा। अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में अब स्मृति ईरानी सीधे तौर पर उन पर हमलावर होती दिख रही हैं।

Source : Agency