झारखंड में नहीं खुलेगा एनडीए का खाता : चंपई सोरेन

झारखंड में मुसलमान को कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर विधायक डॉ. इरफान भड़के, कहा- क्या 18 फीसदी आबादी सिर्फ वोट देने के लिए?

तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, गिनाई अपनी सरकार की उपलब्धियां

सरायकेला
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में झारखंड में एनडीए का खाता भी नहीं खुल पाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार के झूठ की कलई खुल रही है। आदिवासियों और पिछड़ों की उन्होंने हमेशा उपेक्षा की। जनता उन्हें इस बार मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना चुकी है।

सोरेन मंगलवार को सरायकेला में झारखंड मुक्ति मोर्चा के बूथ स्तरीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड के कोल्हान प्रमंडल की सभी 14 विधानसभा सीटों पर एनडीए को पराजित होना पड़ा था। इस बार लोकसभा चुनाव में पूरे झारखंड में इनकी यही स्थिति होने वाली है।

सीएम सोरेन ने कहा कि भाजपा की गारंटी का सच क्या है? यह जनता को मालूम है। वे केवल जनता को ठगने की गारंटी दे सकते हैं। झारखंड को पीएम आवास का पैसा रोक दिया गया। 2022 तक सबको पक्का मकान देने की गारंटी दी गई थी, लेकिन मिला क्या? हमने गरीबों को तीन कमरे का मकान अबुआ आवास देना शुरू किया। स्कूलों को मॉडल और स्मार्ट बनाना शुरू किया। जब डबल इंजन की सरकार थी तो पांच हजार स्कूलों को बंद कर दिया, ताकि आदिवासियों के बच्चे नहीं पढ़ सकें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 21 अप्रैल को रांची में इंडिया गठबंधन की ओर से होने वाली न्याय उलगुलान रैली में ज्यादा से ज्यादा तादाद में हिस्सा लेने की अपील की।

 

झारखंड में मुसलमान को कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर विधायक डॉ. इरफान भड़के, कहा- क्या 18 फीसदी आबादी सिर्फ वोट देने के लिए?

रांची,
झारखंड के जामताड़ा से कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी है कि राज्य में एक भी सीट पर मुसलमान को उम्मीदवार नहीं बनाया जाना आत्मघाती कदम होगा। लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आने वाले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

दरअसल, इरफान अंसारी गोड्डा लोकसभा सीट पर अपने पिता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी की उम्मीदवारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने उनके नाम की अनुशंसा नहीं की है।

इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "18 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद झारखंड में एक सीट मुसलमान को नहीं देना पार्टी की बहुत बड़ी भूल और आत्मघाती कदम होगा। पार्टी के इस निर्णय से समाज में भारी आक्रोश है। इतनी बड़ी आबादी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कुछ नेताओं ने भ्रम फैलाया है कि अगर मुसलमान को टिकट दिया गया तो वोटों का ध्रुवीकरण हो जाएगा।"

अंसारी ने पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, "2, 3, 4 प्रतिशत आबादी वालों को टिकट मिल रहा है तो क्या 18 प्रतिशत वाला सिर्फ वोट देने के लिए है? पार्टी इस पर विचार करे नहीं तो लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। मुसलमानों के वोट को कांग्रेस पार्टी हल्के में ना ले।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय को नजरअंदाज करने का ही नतीजा है कि अन्य राज्यों में इनका वोट क्षेत्रीय पार्टियों की तरफ चला गया है। मुसलमान खुद को ठगा महसूस कर रहा है।

तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, गिनाई अपनी सरकार की उपलब्धियां

पटना
 लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कोई अपनी उपलब्धियों से जनता को अवगत करा रहा है, तो कोई अपने प्रतिद्वंदी को आड़े हाथों ले रहा है। इस बीच, पटना पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान जहां अपनी सरकार की उपलब्धियों से जनता को वाकिफ कराया, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता में रहने के दौरान हर क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में काम किया है। सत्ता में रहते हुए हमने लाखों युवाओं को नौकरियां दीं, मानदेय बढ़ाया। जाति आधारित जनगणना कराई। आरक्षण की सीमा को बढ़ाया।

तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार में पहली बार 50 हजार करोड़ के निवेश का एमओयू साइन हुआ है। यह उनको जंगल राज नजर आ रहा है, तो मैं क्या कर सकता हूं? हम लोग को गाली देने के बजाए 10 साल में उन्होंने जो वादा किया था, वह बिहार के लिए क्या किया? उनके मेनिफेस्टो में बिहार का जिक्र क्यों नहीं है? प्रधानमंत्री ने केवल चार चीज -- बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी और जुमलेबाजी दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री मंगलवार को गया और पूर्णिया में थे, जहां उन्होंने एनडीए के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

 

 

Source : Agency