छिंदवाड़ा। रक्षाबंधन के एक दिन पहले बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। रविवार को दिन भर खरीदी का दौर चलता रहा। मिठाई, राखी और कपड़ों की दुकानों में तो पैर रखने की जगह तक नहीं थी। खास बात यह है कि इस बार रक्षाबंधन का शुभ मुर्हूत सिर्फ 2.30 घंटे ही रहेगा। वहीं 12 साल बाद इस दिन तीन विशेष संयोग भी बन रहे हैं। सोमवार को भद्राकाल के साथ चंद्र ग्रहण है और सावन का आखिरी सोमवार भी है।
रक्षाबंधन पर भद्रा की नजर के कारण सुबह 11 बजे के बाद राखी बांधने का शुभ मुर्हूत शुरू होगा। भद्रा को शुभ कार्य के लिए अशुभ माना जाता है, इसलिए भद्रा के समाप्त होने के बाद राखी बांधना शुभ रहेगा। वहीं चंद्रगहण का सूतक दोपहर बाद 1 बजकर 52 मिनट से आरंभ हो जाएगा। ग्रहण रात के 10 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगा और रात्रि 12 बजकर 49 मिनट तक रहेगा।
1.52 बजे से लगेगा सूतक
7 अगस्त को सुबह भद्राकाल के समाप्त होने के बाद यानि 11 बजकर 4 मिनट से राखी बांधना शुरू होगा। 1 बजकर 52 मिनट तक रक्षाबंधन का मुर्हूत रहेगा। इसके बाद चंद्रगहण का सूतक लग जाएगा।
प्रशासन ने चेताया मिलावटखोरों को
रक्षाबंधन पर्व के चलते बाजारों में मिठाईयों के अलावा मावा की बिक्री जोरों पर है। इसके अलावा चाकलेट सहित अन्य खाने पीने के सामानों की दुकानें भी सज गई हैं। प्रशासन ने इस दौरान उपभोक्ताओं से जहां मिलावटखोरों से सजग रहने की अपील की है। वहीं दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है कि अगर कहीं खराब या मिलावटी खाद्य सामग्री की शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। आजकल पैक्ड चॉकलेट आदि में भी खामियां मिलती हैं।

 

Source : ब्यूरो